Patrika | 1 week ago | 22-06-2022 | 11:01 am
Gujarat: Relatives of Brain dead felicitated by CM Bhupendra Patel मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि अंगदान टीम वर्क के माध्यम से किया जाने वाला कार्य है। अंगदान करने वाले व्यक्ति के परिजनों, चिकित्सकों, प्रशासन सभी साथ में मिलकर एक विचार और एक लक्ष्य के साथ कार्य करते हैं। इससे जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिलता है। राज्य सरकार और सेवाभावी संगठनों के संयुक्त प्रयासों से राज्य में अंगदान के क्षेत्र में अच्छे परिणाम आए हैं, लोगों में पहले से कहीं अधिक जागरूकता आई है। गांधीनगर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर बुधवार को ब्रेन डेड अंगदाताओं के परिजनों को सम्मान के मौके पर उन्होंने यह कहा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अंगों का दान करने की भावनाओं को बयां नहीं किया जा सकता है। वह शब्दों से परे हैं। दुख की घड़ी में अंगदान का उत्तम निर्णय लेना, दूसरों की भलाई के बारे में सोचना बहुच बड़ा कार्य है। मुख्यमंत्री ने अंगदान करने वालों के परिवारों की मदद करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। साथ ही अंगदान को लेकर दूसरों को प्रेरित करते रहने की अपील भी की। मुख्यमंत्री ने अंगदान के क्षेत्र में कार्यरत सेवाभावी संस्था के कर्मचारियों तथा स्टेट ऑर्गन टिशु एण्ड ट्रान्सप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (सोटो) के सदस्यों को भी सम्मानित किया। इस मौके पर अंगदान चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष दिलीप देशमुख ने कहा कि एक परिवार का जब दीपक बुझ जाता है तब अंगदान के निर्णय से अन्य कई परिवार के कुल दीपक प्रज्जवलित हो जाते है। इस अवसर पर अहमदाबाद सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने अंग दान करने वालों के परिजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मंत्री वनूभाई मोरडिया, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव के. कैलाशनाथन, अतिरिक्त मुख्य सचिव पंकज जोशी व अनेक चिकित्सक मौजूद रहे। 74 ब्रेनडेड बन चुके हैं अंगदाता अहमदाबाद सिविल अस्पताल में पिछले 16 महीने में 74 व्यक्ति के 234 अंग दान में मिले हैं, जिसके परिणामस्वरूप 212 जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकी।